So far, 87 percent of the cane price paid in the district
सहारनपुर। शासन प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी जनपद में अब तक 87.5 प्रतिशत ही बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान हो सका है। जिले की पांच शुगर मिलों पर किसानों का 191 करोड़ रुपये से अधिक गन्ना मूल्य बकाया है।
जनपद की छह में चार शुगर मिलों में पेराई सत्र प्रारंभ हो गया है। इसके बाद भी किसानों का गत सत्र का 191 करोड़ रुपये से अधिक शुगर मिलों पर अभी भी बकाया है। जिले में एकमात्र देवबंद शुगर मिल ने ही पिछले सीजन के गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान किया है। जबकि अन्य पांच शुगर मिलों पर गन्ना मूल्य बकाया है। गन्ना खरीद अधिनियम में शुगर मिल में गन्ना सप्लाई करने के 14 दिनों के अंदर की गन्ना मूल्य भुगतान कराने का प्रावधान है। ऐसा नहीं होने पर किसान को बकाया पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज दिलाने का प्रावधान है, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी अभी तक गत सीजन का केवल 87.5 प्रतिशत बकाया गन्ना मूल्य भुगतान हुआ है। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में देवबंद शुगर मिल ने पूरा गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। जबकि पांच अन्य चीनी मिलों पर 191 करोड़ रुपये गत सीजन के बकाया हैं। चार मिलों ने पेराई सत्र प्रारंभ कर दिया है। बकायेदार चीनी मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का जल्द भुगतान कराने के लिए दबाव बनाया हुआ है। उम्मीद है कि शीघ्र ही बकाया भुगतान हो जाएगा।
जनपद में गन्ना आपूर्तिकर्ता किसान----139504
जनपद के भुगतानित किसान----135533
बकाया गन्ना मूल्य----191.08 करोड़ रुपये