सहारनपुर। कहने को स्मार्ट सिटी योजना है, लेकिन इसकी कई परियोजनाओं में स्मार्टनेस नजर नहीं आ रही है। इसका बेहतर उदाहरण स्मार्ट सड़कें हैं, जो बनते ही उखड़ रही है। ताजा मामला महानगर के अतिव्यस्त बाजार नेहरू मार्केट का है, जहां पांच महीने में ही स्मार्ट रोड का एक टुकड़ा उखड़ा नहीं, बल्कि ध्वस्त हो चुका है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में 23 किलोमीटर की सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें प्रमुख मार्गों से लेकर बाजारों की सड़कें तक शामिल हैं। महानगर के अतिव्यस्त बाजार नेहरू मार्केट में घंटाघर से लेकर शहीद गंज तिराहे को होते हुए स्मार्ट रोड तैयार की गई है। घंटाघर से श्रीराम चौक तक डामर की सड़क बनाई गई है, जो पांच महीने पहले ही पूर्ण की गई है, लेकिन बाजार के बीचोंबीच करीब 30 फीट का हिस्सा उखड़ गया है।
सड़क की एक परत फिसलकर फुटपाथ पर चढ़ गई है। सड़क उखड़कर पूरी तरह टूट चुकी है। इतना ही नहीं इसी के बीच में सीवर का ढक्कन भी टूटा पड़ा है। इसकी वजह से राहगीरों को परेशानी हो रही है। हैरत की बात यह है कि एक महीने से सड़क लगातार टूटी जा रही है, लेकिन कार्यदायी संस्था और स्मार्ट सिटी के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी सूचना तक नहीं है।