लघु उद्योग भारती ने मंगाए 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
विदेशी कंपनी को दिया ऑर्डर, मई के पहले सप्ताह में आएगी पहली खेप
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। कोरोना काल में ऑक्सीजन को लेकर मची मारामारी के बीच लघु उद्योग भारती ने अलग ही पहल की है। इस संगठन से जुड़े लोगों ने पैसा इकट्ठा करके ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मंगाने की ठानी है और विदेशी कंपनी को ऑर्डर दे दिया है। कुल 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मंगाए जाने हैं, जिनमें से पहली खेप आठ मई और दूसरी खेप 20 मई तक आ जाएगी।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता ने बताया कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एक पोर्टेबल मशीन है, जो मरीज को आक्सीजन देने के लिए प्रयोग की जाती है। इसमें आक्सीजन सिलिंडर का प्रयोग नहीं होता। यह वायुमंडल से हवा लेने के बाद उसमें से धूल, मिट्टी व नाइट्रोजन को अलग कर देती है, सिर्फ आक्सीजन को मरीज तक पहुंचाती है। इसमें बैट्री भी लगी होती है। इसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है। कंसंट्रेटर की खरीद के लिए लघु उद्योग भारती से जुड़े उद्यमियों ने पूरा सहयोग किया है। करीब चार लाख रुपये का चंदा इकट्ठा हुआ है, जबकि कुछ कंसंट्रेटर कई लोगोें ने अपने स्तर से खरीदकर देने पर सहमति जताई है। कुल 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर करीब 7.5 लाख रुपये में आएंगे। उन्होंने बताया कि लघु उद्योग भारती की तरफ से ऑक्सीजन सिलिंडर भी प्रशासन को मुहैया कराए गए हैं, जो पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज को भिजवाए गए।