सहारनपुर में देश के बड़े आतंकी गतिविधियों में शामिल रहे सहारनपुर में 26 मई को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर हाई अलर्ट कर दिया गया है।
यहां के आतंकी कनेक्शनों और पुरानी गतिविधियों के चलते स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स (एसपीजी) ने स्थानीय अफसरों को विशेष सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के साथ बैठक में आईजी एसपीजी ने साफ किया कि सहारनपुर में हमेशा से ही स्लीपर सेल की आशंका बनी रहती है।
ऐसे में रैली स्थल और पीएम की सुरक्षा में जवानों को विशेष चौकन्ना रहना पड़ेगा। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखनी होगी और लगातार संवाद स्थापित किए रहना होगा।
केंद्र सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर सहारनपुर में 26 मई को आयोजित होने वाली पीएम नरेंद्र मोदी की विकास पर्व रैली की सुरक्षा तैयारियों को लेकर एसपीजी ने कमान संभाल ली है।
आईजी एसपीजी वीके जेठवा ने रैली स्थल का जायजा लेने के बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन मंत्रणा की। इसमें उन्होंने कहा कि आतंकी गतिविधियों के चलते सहारनपुर बेहद संवेदनशील क्षेत्र है।
ऐसे में खुफिया तंत्र को विशेष सजग रहना होगा और आसपास हो रही हर गतिविधि नजर रखनी होगी। एसपीजी की टीम ने बेहद गुप्त तरीके से वायुसेना स्टेशन के आसपास के क्षेत्र के विषय में पूरी जानकारी हासिल कर पुलिस को विशेष दिशा निर्देश दिए।
जिसके बाद पुलिस ने वायुसेना स्टेशन की सीमा से मिलते हुए चार गांवों सोराना, सरसोहेड़ी, धोलापड़ा तथा सरूरपुर गाढ़ा के लाइसेंसी शस्त्रधारकों के शस्त्र सरसावा थाने में जमा करने के आदेश दिए हैं।
आपको बता दें कि देश के हर बड़े आतंकी गतिविधियों में सहारनपुर का कनेक्शन सामने आ चुका है। करीब 20 दिन पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देवबंद से संदिग्ध आतंकी शाकिर अंसारी को गिरफ्तार किया था।
एसपीजी ने पीएम की सुरक्षा में किसी भी आशंका को खारिज करने के लिए हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उधर, एससपी प्रदीप कुमार यादव का कहना है कि एसपीजी के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर लंबी चर्चा हुई है।