नानौता (सहारनपुर)। नानौता क्षेत्र में साइबर ठगी का तीन दिन में तीसरा मामला सामने आया। इस बार ठगों ने इंटर कॉलेज के उपप्रधानाचार्य के खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आने पर पीड़ित ने बैंक में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
नानौता क्षेत्र के गांव सोना अर्जुनपुर के बाबा सिद्ध इंटर कॉलेज में अनुराग कुमार उपप्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनका एक बैंक खाता सोना अर्जुनपुर में ही स्थित पीएनबी शाखा में है। छह फरवरी को उसके पेटीएम के केवाईसी लिंक से फ्राड करके अलग-अलग 25 हजार, 25 हजार व 9999 रुपये निकाले। जबकि उसका एटीएम कार्ड उसके पास है, उसके मोबाइल पर कोई ओटीपी भी नहीं आया। मोबाइल पर उक्त धनराशि बैंक खाते से निकलने का मैसेज आने पर उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। इसके बाद अनुराग कुमार बैंक शाखा पहुंचे और अपने खाता संख्या व एटीएम को फ्रीज कराया। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधक को शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि मंगलवार को भी एक महिला शिक्षा मित्र उमादेवी के साथ भी कुछ इसी तरह का मामला सामने आया। उसके बैंक खाते से 95 हजार रुपये की बड़ी रकम निकल गई । तो वहीं दूसरे मामले में नगर निवासी युवक अमित कुमार की फेसबुक आईडी हैक कर हैकर्स द्वारा उसके नाम से पीड़ित के परिचितों व रिश्तेदारों से खुद को मुसीबत में बताकर रकम मांगी गई थी।