नकुड़ में तहसीलदार देवेन्द्र सिंह को मांगपत्र सौंपते किसान।
- फोटो : SAHARANPUR
‘बकाया गन्ना भुगतान का नहीं मिला ब्याज तो करेंगे आंदोलन’
नकुड़ (सहारनपुर)। जनशक्ति भारतीय किसान यूनियन की बैठक में किसानों ने गत वर्ष के बकाया गन्ने के भुगतान का ब्याज नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक में आयोजित जनशक्ति भाकियू की बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विक्रम सिंह ने कहा कि गन्ने का भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। ऋण पर किसानों से ब्याज वसूला जा रहा है। ऋण अदायगी में देरी पर किसानों की आरसी काटकर शोषण किया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि गत वर्ष के गन्ने के भुगतान का ब्याज किसानों को नही दिया गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। किसानों ने सरकार पर बजट में अनदेखी का आरोप लगाया। इस मौके पर जगत सिंह राणा को सर्वसम्मति से संगठन का नकुड़ ब्लॉक अध्यक्ष व महीपाल भैरमऊ को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। बैठक के बाद किसानों ने तहसीलदार देवेंद्र सिंह को मांगपत्र सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। जगत सिंह, कुंवरपाल, कुलबीर, अहसान, सुशील कुमार, नाथीराम, भोपाल सिंह, आजाद, राजबीर, योगेंद्र, अर्जुन सिंह, यशपाल, दीपक व छोटा आदि रहे।