छह साल बालिका की ईंट से पीटकर हत्या, दुष्कर्म की भी आशंका
बड़ौत (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव के निर्माणाधीन मकान में एक छह साल की बालिका की ईंट से पीटकर हत्या कर दी गई। दुष्कर्म के बाद बालिका की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया और मौके पर पहुंची पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। उधर, देर रात मृतका के पिता ने निर्माणाधीन मकान के मालिक के पुत्र संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गांव के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
बालिका घटना से पहले रविवार दोपहर अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास ही स्थित एक दुकान से सामान लेने गई थी। बड़ी बहन तो घर चली आई, वह बाहर ही खेलती रह गई। बाद में उसका शव गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान में पड़ा हुआ मिला। उसके माथे और सिर के पीछे चोट के निशान थे, कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था। शव की हालत देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों की पुलिस के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख एसपी व एएसपी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। बाद में पुलिस डॉग स्क्वाड लेकर पहुंची और घटना स्थल पर जांच कराई। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
एसपी अभिषेक सिंह का कहना था कि प्रथम दृष्टया बच्ची के साथ शारीरिक शोषण की आशंका लग रही है, बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ज्यादा जानकारी मिलेगी। घटना स्थल से जांच के लिए नमूने लिए गए। बताया कि मृतका के पिता ने निर्माणाधीन मकान के मालिक के पुत्र संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गांव के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
कक्षा एक में पढ़ती थी बालिका
बड़ौत। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार में बालिका सहित तीन बच्चे थे। एक उसकी बड़ी बहन और एक छोटा बाई है। परिजनों ने बताया कि मृतिका बच्ची कक्षा एक में पढ़ती थी। बालिका के पिता, मां, बहन और परिवार की अन्य महिलाओं का रोते हुए बुरा हाल हो रहा है।