सहारनपुर। सीएम साहब, मेरे बेटे के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई करा दीजिए। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। यह कहते हुए बिजनौर कोर्ट के अर्दली की मां सीएम से मिलने सर्किट हाउस पहुंची। बदनसीबी देखिए कि यहां पर भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बेटे की यादों के साथ रोती बिलखती मां को सीएम योगी आदित्यनाथ से नहीं मिलने दिया गया। न्याय की उम्मीदों का सपना टूट गया।
बता दें कि बिजनौर कोर्ट के अर्दली नदीम की फरवरी में हत्या कर दी गई। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज है। लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। हत्या के बाद से पीड़ित मां लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रही है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। सोमवार को सहारनपुर कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला शाहनूर निवासी खालिदा को उम्मीद जगी थी कि शहर में सूबे के मालिक आ रहे हैं, आज उनको न्याय जरूर मिलेगा। लेकिन इस मां को न्याय में यहां भी प्रशासनिक अधिकारी आड़े आ गए। खालिदा रोती बिलखती अपने हाथों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और अन्य कागज दबाए अपने पति व एक पुत्र के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने सर्किट हाउस तो पहुंच गई। लेकिन यहां उनके सामने नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी आ गए। उन्होंने खालिदा दिलाना उचित नहीं समझा बल्कि पुलिस की कार्य प्रणाली की पोल खुलने के डर से उसको प्रार्थना पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन थमा दिया। टूटी हुई उम्मीद के साथ खालिदा अपने पति व बेटे के साथ वापस घरा लौट गई।