सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों पर जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए डेयरी संचालक चाबी लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद डेयरी संचालकों ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को होलिका दहन है और बुधवार में होली खेली जाएगी। होली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही है। विभाग की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सहारनपुर डेयरी कल्याण समिति से जुड़े डेयरी संचालक कलक्ट्रेट पहुंचे और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि कार्यालय के नीचे नारेबाजी की। सभी अपनी-अपनी डेयरियों की चाबी लेकर आए थे। समिति अध्यक्ष नीरज नरुला का कहना है कि हाल में ही रुपये की मांग की गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर डेयरी संचालक से पांच नमूने लिए गए।
आरोप लगाया कि नमूने के दौरान न रसीद दी जाती है और न ही नमूना नंबर उपलब्ध कराया जाता है। समिति पदाधिकारियों ने नमूनों की आड़ में वसूली करने का आरोप लगाया है। समिति पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान संजीव गुंबर, नंद किशोर, सत्यम पाल, शिवम भंडारी, अंकुश, गगन, अंकुर शर्मा, वसीम, संजय, अनुज, अरुण आदि मौजूद रहे।