सहारनपुर। कोरोना काल में रामलीलाओं की परंपरा नहीं रुकेगी। मंचन की बजाए रामलीला कमेटी से जुड़े पदाधिकारी श्रीराम कथा और सुंदर कांड पाठ सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके साथ ही जरूरी प्रसंगों के मंचन पर भी विचार विमर्श किया जा रहा है।
महानगर में 18 से 20 जगहों पर हर वर्ष रामलीलाओं का मंचन होता है। इनमें गऊशाला रोड स्थित प्राचीन श्री रामलीला कमेटी की ओर से बड़े आयोजन किए जाते हैं। इसके अलावा गोविंदनगर, जुबली पार्क, गुरुद्वारा रोड, टी-2 कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, नुमाइश कैंप, केशव नगर, पेपर मिल रोड, खलासी लाइन, रेलवे कॉलोनी में रामलीला मंचन होता है। इस बार कोरोना की वजह से रामलीला कमेटियों से जुड़े लोग श्रीराम कथा और सुंदर कांड के पाठ का आयोजन करेंगे। हालांकि कोविड नियमों का पालन करते हुए पूरी तरह सावधानी के साथ 100 लोगों की मौजूदगी में रामलीला मंचन करने की गाइड लाइन शासन ने जारी की है। मगर, रामलीला कमेटियों से जुड़े पदाधिकारी मंचन के बजाए धार्मिक कार्यक्रम कराने पर विचार कर रहे हैं।
दशहरे पर छोटे पुतले ही होंगे दहन
सहारनपुर। प्राचीन श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री चौधरी माई दयाल सिंह मित्तल का कहना है कि इस बार बेहट अड्डा स्थित रामलीला मैदान पर मंचन नहीं होगा, लेकिन श्री रामलीला भवन में मंचन के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है। इसके अलावा दशहरे पर 10 फिट के पुतले का दहन करेंगे। उत्तर रेलवे नाटक क्लब माल गोदाम रोड के निर्देशक पंकज बजाज ने बताया कि 17 अक्तूबर से रामकथा का आयोजन होगा। दशहरे पर भगवान श्रीराम के चित्र पर तिलक कर छोटा पुतला ही दहन किया जाएगा। गुरुद्वारा रोड के श्री आशुतोष मंदिर क्लब के प्रधान गौरव चौधरी का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने को विचार चल रहा है। शहर की रामलीला कमेटियों के निर्णय के अनुसार ही कार्यक्रम होगा। भारतीय कला मंच रामलीला सभा गोविंदनगर के संयोजक नरेंद्र शर्मा का कहना है कि परंपरा नहीं रुकनी चाहिए। श्री रामकथा और सुंदर कांड का पाठ कराए जाने को लेकर पदाधिकारी विचार विमर्श कर रहे हैं। इसके साथ ही रामलीला मैदान पर झंडा पूजन होगा। भारतीय कला संगम रामलीला टी-2 कॉलोनी के अध्यक्ष अशोक छाबड़ा का कहना है कि 15 अक्तूबर को श्री रामकथा का आयोजन कराया जाएगा। सरकार की गाइड लाइन का पालन करते हुए ही कार्यक्रम करेंगे।
त्तर रेलवे नाटक क्लब माल गोदाम रोड के निर्देशक पंकज बजाज- फोटो : SAHARANPUR
प्राचीन रामलीला कमेटी के महामंत्री चौधरी माईदयाल मित्तल- फोटो : SAHARANPUR
श्री आशुतोष मंदिर क्लब गुरुद्वारा रोड के प्रधान गौरव चौधरी- फोटो : SAHARANPUR