पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने आरोपी भेजा जेल
पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देकर पिता की करतूत बताई
संवाद न्यूज एजेंसी
छुटमलपुर।
थाना फतेहपुर क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने की घटना सामने आई है। आरोपी पिता अपनी नाबालिग बेटी के साथ चार साल से दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर मारपीट भी करता था। हिम्मत कर पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना देकर पिता की करतूत बताई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
फतेहपुर थानाध्यक्ष ने बताया शुक्रवार की रात में करीब आठ बजे डायल 112 पर पीड़ित ने सूचना दी कि पिता उसे पिछले चार साल से दुष्कर्म कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम पीड़ित के घर भेजी । वहां से उसके पिता को हिरासत में लेने के साथ ही किशोरी को भी पुलिस ने सुपुर्दगी में लेकर जानकारी ली। किशोरी ने बताया कि विरोध करने पर पिता उसके साथ मारपीट करते हैं। किशोरी की मां भी यह अनाचार नहीं रोक सकी। पुलिस के अनुसार आरोपी नशेड़ी है। उसके घर से बड़ी संख्या में खाली सीरीज और कुछ इंजेक्शन भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसपी देहात डॉ. अशोक कुमार मीणा ने बताया पीड़ित का मेडिकल कराया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा।