बेहट में एसडीएम को पंचायत के बाद ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : SAHARANPUR
भाकियू की पंचायत में छाया अनाज मंडी का मुद्दा
बेहट (सहारनपुर) भाकियू की पंचायत में अनाज मंडी का मुद्दा छाया रहा। वक्ताओं ने कहा कि बेहट में अनाज मंडी नहीं होने के कारण अपने अनाज के सही दाम मिल नहीं मिल पाते।
तहसील परिसर में आयोजित पंचायत में जिला मंत्री मो. आलिम प्रधान ने कहा कि क्षेत्र में अनाज मंडी नहीं होने के कारण किसानों को अपना अनाज (गेहूं, धान आदि) हरियाणा ले जाना पड़ता है या फिर औने पौने भाव में व्यापारियों को बेचना पड़ता है। तहसील अध्यक्ष सचिंद्र राणा ने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारियों का तानाशाही रवैय्या बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी गरीब लोगों की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराकर उनका शोषण कर रहे है। युवा इकाई के तहसील अध्यक्ष अजय कंबोज ने मुजफ्फराबाद में सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क पर सब्जी मंडी लगने से जाम की स्थिति बनी रहती है। पंचायत में नूरपुर भरावड़ में बरसाती नदी से होने वाले कटाव को रोकने के लिए सीसी ब्लॉक बनाए जाने, गांव बड़कलां में स्थित एक जमीन का फर्जी तरीके से किया गया दाखिल खारिज निरस्त कराकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस संबंध में पंचायत के बाद पांच सूत्रीय मांग पत्र भी एसडीएम को दिया गया। पंचायत में रणधीर सिंह, साजिद रावत, मंसूर अहमद, पारस सैनी, प्रवीण कम्बोज, अनीस गौड़, बिरम सिंह, मोंटी सैनी, अहसान मुखिया, खड़क सिंह, इसरान, अरविंद काम्बोज आदि की मौजूदगी रही। अध्यक्षता चौधरी नाथीराम व संचालन अनुज कश्यप ने किया।