चिलकाना पुलिस द्वारा पकड़े गए खनन से भरे वाहन।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। पुलिस ने हरियाणा की तरफ से खनन सामग्री ला रहे सात वाहनों को पकड़ा है। सभी वाहन माइनिंग टैक्स की चोरी कर खनन सामग्री ला रहे थे। इन सभी सातों वाहनों पर करीब एक लाख 70 हजार रुपये माइनिंग शुल्क वसूला जाएगा।
थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि चिलकाना पुलिस ने सोमवार की रात में गांव दुमझेडा पुल के पास जांच के दौरान हरियाणा की तरफ से खनन सामग्री लेकर आ रहे वाहनों को रोका। जांच के दौरान सभी वाहनों पर यूपी टैक्स माइनिंग के प्रपत्र नहीं हैं। सभी वाहन टैक्स की चोरी कर हरियाणा की तरफ से खनन सामग्री उप्र में लेकर आ रहे हैं। पुलिस सभी खनन वाहनों को थाने ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि पकडे़ गए सभी खनन वाहनों से करीब एक लाख 70 हजार रुपये की यूपी टैक्स माइनिंग की रसीद काटी जाएगी। इसके बाद वाहनों को छोड़ा जाएगा। खनन सामग्री से भरे वाहन पकड़े जाने की सूचना जिला खनन अधिकारी को भेज दी। पुलिस की कार्रवाई से खनन से जुड़े लोगों में खलबली मची है।