सहारनपुर। बाइकर्स गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सात दिन में बदमाशों में तीन वारदातों को अंजाम दिया है। एक स्थान पर बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। इसके बावजूद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है। सिलसिलेवार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत है। वहीं, पुलिस दावा कर रही है कि जल्द बाइकर्स गैंग के सदस्यों को पकड़कर घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।
एक दिन में हुई थी 10 वारदात
बता दें कि दो वर्ष पूर्व बाइकर्स गैंग के सदस्यों ने पूरे जिले में एक दिन में दस वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई। लुटेरे दबोचे जाने के बाद कुछ समय तक वारदातें थम गई, लेकिन अब फिर बाइकर्स गैंग के सदस्य पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
वारदत नं. एक
10 फरवरी देहात कोतवाली क्षेत्र की विजय कॉलोनी में घर के बाहर टहल रही साक्षी शर्मा से बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया था। घर के नजदीक ही लगे सीसीटीवी कैमरे में भागते बदमाशों का फोटो भी कैद हो गया था।
वारदात नं. दो
15 फरवरी गिल कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने रेलवे कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार से मोबाइल फोन लूट लिया और व्यस्त इलाका से बदमाश भागने में कामयाब रहे।
वारदात नं. तीन
16 फरवरी शादी समारोह में शामिल होने आई गाजियाबाद निवासी रुपाली से दिल्ली रोड पर एक होटल के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूटा और कोर्ट की तरफ फरार हो गए। पर्स में दो मोबाइल फोन, 20 हजार की नगदी और सोने के जेवरात थे।
बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को लगाया है। पुलिस जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा कर देगी। -- विनीत भटनागर, एसपी सिटी।