- शादी समारोह में आए बरातियों ने पुलिस टीम पर किया था हमला
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तकिया चांद में पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी के आधार पर अन्य आरोपी चिह्नित किए जा रहे हैं। कुछ आरोपियों के नाबालिग होने और घटना में उनके शामिल न मिलने पर छोड़ दिया गया है।
शुक्रवार दोपहर बाद मोहल्ला तकिया चांद के शादी समारोह में बरातियों के बीच विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची तो शराब के नशे में बरातियों ने उसी पर हमला कर दिया। लाठी डंडों और पत्थर से हमले के कारण दो पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हो गए थे। बाद में अतिरिक्त पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा था। घटना के बाद पुलिस ने बरातियों सहित करीब 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक एक सिपाही के गले से सोने की चेन भी हंगामे के दौरान छीन ली गई। कुछ लोग नाबालिग मिलने और कुछ के घटना में शामिल न होने के संदेह के आधार पर छोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस प्रकरण में देर रात 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इनमें नामजद किए गए आरोपी अजमल, शाकिब, सुहैल, शाहबाज, नौशाद, सलमान और मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपी चिह्नित भी किए जा रहे हैं।