सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र में मालिक के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नौकर ने ही मालिक के घर में चोरी की साजिश रची थी। नौकर ने मालिक की पत्नी को सेफ में जेवर रखते हुए देख लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए।
पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 23 अगस्त को सरसावा के गांव सलूनी निवासी पवन कुमार ने तहरीर दी थी कि घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। शक उसके घर में काम करने वाले विजय निवासी गांव तेलीपुरा पर जताया गया था। घटना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी विजय उर्फ ब्रजेश को गांव कलरी से इब्राहिमपुर की ओर आते समय रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दो सोने की अंगूठी, दो सोने के कंगन, सोने की चेन, माथे का टीका, दो गले के सेट, एक चांदी की अंगूठी, ओम, तीन जोड़ी पाजेब, दो गुच्छे, लड़ी वाली तगड़ी और एक जोड़ी कड़े आदि जेवर बरामद किए हैं।
सेफ में जेवर रखते देखा था
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पवन के यहां नौकरी करता था। उसने एक-दो बार पवन की पत्नी प्रिया को सेफ में जेवर रखते हुए देख लिया था। इसके बाद उसके मन में जेवर चोरी करने का लालच आया। 22 अगस्त को मालिक के घर से जेवर चोरी किए और बाद में उनमें से कुछ जेवर बेचने के लिए राह चलते ग्राहक की तलाश में खड़ा था।