सहारनपुर। महाविद्यालयों में संचालित स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाएं 26 नवंबर से शुरू हो रही हैं, जो 31 दिसंबर तक चलेंगी। पूरे मंडल में 81 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 1.12 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
स्नातक स्तर पर विषम सेमेस्टर के तहत तीसरे, पांचवें, सातवें और नौवें सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षा तथा पहले सेमेस्टर की बैक परीक्षा होगी। स्नातकोत्तर स्तर पर सेमेस्टर प्रणाली के तहत तीसरे सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा और बैक परीक्षा होगी, साथ ही पहले सेमेस्टर की भी बैक परीक्षा होनी है। तीन बार तिथि बढ़ाते हुए परीक्षा फॉर्म 22 नवंबर तक भरे गए हैं। चूंकि परीक्षाएं 26 नवंबर से होनी हैं। ऐसे में तिथि और नहीं बढ़ाई जा सकती थी, जबकि कुछ छात्र अब भी हैं, जो किन्हीं कारणों से परीक्षा फॉर्म नहीं भर सके हैं। बहरहाल, परीक्षाएं 26 नवंबर से शुरू हो रही हैं, जिसकी तैयारी विश्वविद्यालय स्तर पर लगभग पूर्ण की जा चुकी है। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 212 महाविद्यालयों और संस्थानों में पढ़ने वालों के लिए 81 केंद्र तीनों जनपदों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में बनाए गए हैं।
गठित किए जा रहे सचल दल
परीक्षा को नकलविहीन और सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर कई प्रयास किए जा रहे हैं। सदल दलों का गठन किया जा रहा है, जो औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इनके अलावा परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। केंद्र बनाए गए महाविद्यालयों के स्तर से भी आंतरिक सदल दलों का गठन करने को कहा गया है।
स्नातक और स्नातकोत्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं 26 नवंबर से शुरू हो रही हैं, जो 31 दिसंबर तक चलेंगी। 81 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 1.12 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
- डॉ. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय