फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: अभेद रही सुरक्षा, गहन जांच के बाद ही मिली एंट्री

Wed, 15 Apr 2026 01:33 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान सुरक्षा में लगा कर्मी दूरबीन से निगरानी करते हुए। 
विज्ञापन
बेहट। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था अभेद और बहुस्तरीय रही। सीएम के जनसभा स्थल पर बाहरी व आंतरिक सुरक्षा कड़ी की गई थी। एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप), एनएसजी कमांडो और स्थानीय पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। जनसभा स्थल से लेकर एलिवेटेड गलियारे में मोदी के रोड शो तक के हिस्से का दायरा, मेटल डिटेक्टरों, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की कड़ी निगरानी में रखा गया था। सभी रास्तों की जबरदस्त नाकेबंदी की गई थी, ताकि सुरक्षा का अभेद घेरा सुनिश्चित किया जा सके।
विज्ञापन


पिछले कई दिन से सुरक्षा एजेंसियां एलिवेटेड कॉरिडोर पर डेरा डाले थी। मंगलवार को जनसभा स्थल और एलिवेटेड रोड पर पुष्प वर्षा के लिए बनाए आरक्षित जोन में जाने वालों की कड़ी चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के लिए मेटल डिटेक्टर से होकर ही लोगों को अंदर प्रवेश कराया जा रहा था। पंडाल के एंट्री गेट पर आठ मेटल डिटेक्टर चार महिलाओं और चार पुरुषों के लिए लगाए थे। महिलाओं के एंट्री प्वाइंट पर दो हरे कपड़े के केबिन बनाए गए थे।
इनमें महिला पुलिसकर्मी चेकिंग करने के बाद ही उन्हें मेटल डिक्टेटर से होकर अंदर भेज रही थी। रोड शो और जनसभा स्थल के भीतर पानी की बोतलें, खाने के पैकेट ले जाने की मनाही थी। हाथ में कड़ा पहने व अन्य सामान वाले लोगों को बाहर ही रोका जा रहा था। एक रास्ता वीआईपी प्रवेश के लिए और दूसरा आम लोगों के लिए बनाया गया था। रोड शो के दौरान पुष्प वर्षा करने वाली भीड़ के पीछे भी मुस्तैद पुलिसकर्मी तैनात थे।
विज्ञापन

जनसभा स्थल के भीतर पंडाल में बड़ी-बड़ी एलईडी लगाई गई थी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी सभास्थल में बैठे थे, जो प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर नजरें गड़ाए थे। सभास्थल के प्रवेश द्वारों पर किसी भी व्यक्ति को बिना जांच के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं थी। यह जांच भी तीन लेयर में थी, जिसके तहत पहले तो प्रवेश द्वार पर प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच हुई, जिसमें जेब में रखी वाहन की चाबी तक को प्रेस करके देखा गया और चश्मों के बाक्स भी चेक किए गए। दूसरी लेयर में, सभा स्थल के मुख्य द्वार और फिर बैठने के स्थान के बाहर स्कैनर से सभी लोगों को गुजरना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें