गंगोह। खेत से रेत हटाने की परमिशन की आड़ में खनन माफिया पोर्कलेन और जेसीबी से अवैध रेत खनन करा रहे हैं। एसडीएम ने मध्य रात्रि में दलबल के साथ छापामारी की तो खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को मौके से हिरासत में लेकर रेत से भरे एक ओवरलोड ट्रक को सीज कर दिया।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव नाई मजरा घाट पर खेत से रेत हटाने की परमिशन की आड़ में कुछ खनन माफिया पोर्कलेन और जेसीबी से खनन करवा रहे थे। शनिवार की रात्रि करीब दो बजे नकुड़ एसडीएम हिमांशु नागपाल टीम के साथ घाट पर छापामारी करने पहुंचे। उन्होंने खनन बंद कराया। एसडीएम ने बताया कि किसी भी कीमत पर मानकों के विपरीत खनन नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं खनन विभाग की एक टीम बनाई गई है। जो परमिशन वाले खेत की निशानदेही करेगी। यदि इसके बाद भी यमुना नदी या दूसरे स्थान पर कोई खनन करता पाया गया तो उसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी और पटटा निरस्त कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यमुना नदी में जो जेसीबी और पोर्कलेन लाई गई हैं। उनकी भी जांच कर उनके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।