- थाना बड़गांव पुलिस ने ट्यूबवेलों से मोटर और तार चोरी गिरोह करने वाला गिरोह पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। खेतों में लगी ट्यूबवेलों की मोटर और बिजली के तारों पर चोरों की नजर थी। दिन में बाइक से रेकी कर ट्यूबवेलों को चिह्नित करते और रात में सेंट्रो कार व सामान ढोने वाले रेहड़े की मदद से मोटर और विद्युत उपकरण उखाड़ ले जाते थे। बड़गांव पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है।
पुलिस लाइन में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि गांव जड़ौदा पांडा निवासी नकली राम शर्मा की ट्यूबवेल से दो जुलाई को मोटर व तार चोरी हुए थे। इसके बाद गांव शिमलाना निवासी कंवरपाल सिंह की ट्यूबवेल से 10 अगस्त को मोटर और तार चोरी होने पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। गांव भगवानपुर निवासी सतेंद्र सिंह की ट्यूबवेल से एक सितंबर को चोरी हुई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही थी।
रविवार को बड़गांव पुलिस ने सर्विस रोड से शोएब निवासी गंदेवड़ा थाना फतेहपुर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बाल अपचारी की कबाड़ी की दुकान है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दिन में बाइक से ट्यूबवेलों की रेकी करते थे। रात में कार और सामान ढोने वाले रेहड़े की मदद से मोटर, तार और अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर जंगल में छिपा देते थे।
बाद में मौका देखकर सामान कबाड़ी को बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो रेहड़े मय बाइक इंजन, दो बाइक, एक कार, 11 मोटर की सापट, 11 मोटर की बॉडी, पांच मोटर बॉडी कवर बिना सापट, दो ट्यूबवेल मोटर, एक सबमर्सिबल मोटर, 10 किलो तांबे का तार, 1.5 किलो एल्युमीनियम तार और 320 मीटर बिजली केबल बरामद की है। इसके अलावा दो बड़े हथौड़े, दो संडासी, दो पाने, चार चाबी के रिंच, एक प्लास, एक रेती और गैंती समेत चोरी करने के उपकरण भी मिले हैं।