नकुड़ (सहारनपुर)। सहारनपुर रोड पर शुक्रवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार की देर शाम गांव कुराली निवासी राजपाल (45) पुत्र साधूराम अपने रिश्तेदार सेठपाल व महिला सोनिया निवासीगण मोहल्ला मुंशीपुरा नकुड़ के साथ स्कूटी पर सहारनपुर से नकुड़ आ रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह पिलखनी पुलिया के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरकर तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने राजपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी दो का वहीं उपचार चल रहा है। कोतवाल नरेश सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र अमन ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। संवाद