सहारनपुर। शिक्षक अमित कुमार के परिवार के तीन लोग संक्रमित हो गए। इनके अलावा परिवार में दो बच्चों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। इन दोनों बच्चों से दूरी बनाते हुए खुद को होम आइसोलेशन में रखा। नियमों का पालन किया और कोरोना को हरा दिया। अब परिवार के लोग स्वस्थ हैं और सभी बेवजह बाहर नहीं निकलने के नियम का पालन कर रहे हैं।
इनका परिवार शहर के विनोद विहार में रहता है। परिवार में पत्नी अनीता, मां शकुंतला के अलावा बेटी नैनी (10) और बेटा इनू (7) हैं। एक महीना पहले अनीता और उनकी सास शकुंतला की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि उससे पहले अमित कुमार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इतना ही नहीं इनके घर के सामने रहने वाले सगे भाई के परिवार में भी लोग संक्रमित हो गए थे। इसके बाद परिवार ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया।
अमित कुमार और अनीता बताते हैं कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मिली कोविड किट में आई दवाएं नियमित लीं। इसके बाद खानपान पर विशेष ध्यान रखा। खाने में पनीर, नारियल पानी लिया। दिन में तीन से चार बार भाप (स्टीम) अवश्य लेते रहे। स्वस्थ रहने के लिए मनोरंजक कार्यक्रम टीवी पर देखे। इस तरह नियमों का पालन करते हुए होम आइसोलेशन में रहकर कोरोना को हराया। उनका कहना है कि कोरोना को हराने के लिए आत्मविश्वास जरूरी है। बीमार होने पर किसी भी तरह के तनाव महसूस ना करें, बल्कि उसका सही प्रकार से उपचार करने में लग जाएं। चिकित्सक की सलाह पर ही दवाएं लें।