Saharanpur News : एक युवक की नग्न हालत में पिटाई की गई। मामले का वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी ने कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शांतिभंग में दो का चालान काटा है।
सहारनपुर के गंगोह में एक नग्न व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार सहित दो का शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया।
विज्ञापन
बता दें कि एक युवक गली छिम्पियान स्थित हलवाई की दुकान के गल्ले से नगदी चुराकर भाग रहा था, जिसे एक राहगीर ने सड़क पर दबोच लिया। वहीं, दुकानदार के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे गुस्साए लोगों ने उसके थप्पड़ जड़ दिए।
बताया गया कि युवक ने पिटाई से बचने के लिए अपने कपड़े उतार दिए और नग्न हो गया। इसके बाद वह मौका पाकर भाग निकला। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उधर, एसएसपी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। गंगोह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकानदार शिवम व पड़ोसी देवज्ञ का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।