बृहस्पतिवार की सुबह शिवकुमार का बेटा कन्हैया और राजकुमार का बेटा बाइक पर सवार होकर बास्तम से करंजाली गांव आ रहे थे। जब वह बास्तम मोड़ पर पहुंचे तो उनकी बाइक अचानक सामने से आ रही स्कूली वैन से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राहगीरों की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक को मेरठ जबकि दूसरे को सहारनपुर रेफर किया गया, लेकिन दोनों की रास्ते मे ही मौत हो गई।
हादसे के बाद काफी संख्या में ग्रामीण अस्पताल में इकट्ठा हो गए। इस दौरान एसडीएम युवराज सिंह, सीओ अभितेष सिंह और इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ ने बताया कि स्कूली वैन को कब्जे में लिया गया है, जबकि करंजाली निवासी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।