केंद्रीय मंत्री को समस्याओं का पुलिंदा सौंपते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना अंतर्गत आयोजित रोजगार मेले में सहारनपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर से सहारनपुर में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग की गई। केंद्रीय मंत्री ने इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।
सांसद राघव लखन पाल शर्मा और भाजपा क्षेत्रीय समिति के सदस्य दिनेश सेठी की ओर से विश्वविद्यालय स्थापना के लिए केंद्रीय मंत्री को अलग अलग ज्ञापन दिए गए।
बताया कि जनपद के 11 विकास खंडों में मात्र पांच विकास खंडों में राजकीय आईटीआई स्थापित है। शेष छह विकास खंडों में राजकीय आईटीआई स्थापित नहीं होने से शिक्षित युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए अन्य ब्लॉकों में जाना पड़ता है।
आवागमन के पर्याप्त साधनों के अभाव में युवा प्रशिक्षण नहीं ले पाते हैं। ऐसे में किसी अन्य कार्य में लगना पड़ता है। उन्होंने मुजफ्फराबाद, गंगोह, नागल, रामपुर मनिहारान, नकुड़, पुंवारका विकास खंड में आईटीआई खोले जाने के प्रस्ताव देते हुए नए राजकीय आईटीआई एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान को विश्वविद्यालय का पूर्ण दर्जा देने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।
इनके अलावा सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी, विश्व हिंदू परिषद आदि के प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर को विभिन्न समस्याओं के निस्तारण को लेकर ज्ञापन दिया है।