लखनौती के सरकड़ गांव में खेत पर पिता का खाना लेकर गया शाद (9) और उसका भाई हम्माद (7) पुत्र इरशाद गड्ढे में नहाते समय डूब गए। शोर मचाने पर लोग पहुंचे। आनन-फानन में दोनों भाइयों को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की सूचना मिलने पर मां का बुरा हाल हो गया।
शाद और हम्माद अपने पिता इरशाद का खेत पर खाना लेकर गए थे। खाना देने के बाद दोनों भाई खेत में बने गड्ढे में नहाने लगे। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान शाद का पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में चला गया। हम्माद ने शोर मचाते हुए भाई को बचाने का प्रयास किया। बचाने के चक्कर में वह भी गहरे गड्ढे में डूब गया। आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। दोनों भाइयों को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद गंगोह में एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां पर दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस की कार्रवाई के सुपुर्द-ए-खाक किया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे थोड़ी दूर पर दो साल पहले भी एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी।
भाई-बहनों में चौथे-पांचवें नंबर के थे शाद व हम्माद
शाद और हम्माद पांच भाई-बहनों में चौथे व पांचवें नंबर के थे। गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। शाद तीसरी कक्षा और हम्माद दूसरी कक्षा में था। एक साथ दो मौत से गांव में मातम का माहौल है।