डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर दौड़ती मालगाड़ी। रेलवे
सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम भिक्खनपुर के समीप रेलवे ट्रैक पर कावड़ शिविर से घर वापस लौट रहे दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना मंगलवार रात्रि 10 बजे के करीब की है ग्राम भिक्खनपुर निवासी ईसम सिंह (60) पुत्र बुधराम तथा मोनू (30) पुत्र शेर सिंह ग्राम शाहजहांपुर में चल रहे कावड़ शिविर से वापस लौट रहे थे। दोनों रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे कि अचानक मालगाड़ी आ गई। दोनों कावड़ शिविरों में चल रहे जागरण तथा कावड़ डीजे के शोर में मालगाड़ी का हॉर्न नहीं सुन पाए और रेल से कटकर मौत का शिकार हो गए।
जानकारी मिलने पर सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं हादसा होते देख लोग ट्रैक की तरफ दौड़े तथा दोनों को पहचान लिया। परिजनों को भी खबर की तो रात्रि में ही परिजन आए तथा बिना किसी कार्रवाई के शव को ले जाने की बात कहने लगे। परंतु पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही है।