- 2.18 लाख रुपये वसूले, अंबाला मंडल के रेलवे स्टेशन पर चला विशेष चेकिंग अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। 31 अक्तूबर को अंबाला मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए जांच अभियान में 627 मामले पकड़े गए। इनसे रेलवे ने 5,18,355 रुपये का राजस्व अर्जित किया। अभियान में सहारनपुर की टिकट जांच टीम सबसे आगे रही। टीम ने 272 यात्री बिना टिकट पकड़े।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि टिकट जांच कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई हैं। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 321, अनियमित टिकट के 302 और अन्य श्रेणी के चार मामले पकड़े गए। सहारनपुर की टीम ने सर्वाधिक 272 मामले पकड़कर 2.18 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया। अंबाला छावनी की टीम ने 171 मामलों में 1,50,620 रुपये, बठिंडा की टीम ने 97 मामलों में 75,125 रुपये, सिरसा की टीम ने 58 मामलों में 56,200 रुपये और पटियाला की टीम ने 29 मामलों में 18,050 रुपये का राजस्व अर्जित किया।