कोर्ट रोड स्थित थ्रिल प्लाजा के सत्यम ज्वेलर्स शोरूम से 30 लाख कीमत की करीब 13 किलो चांदी गायब करने का मामला सामने आया है। सराफ ने अपने कर्मचारी पर खाने के थैले से पत्नी और बेटी के जरिये चांदी बाहर भेजने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर सदर बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चर्च रोड निवासी राजीव कुमार जैन ने तहरीर देकर बताया कि कोर्ट रोड स्थित थ्रिल प्लाजा में उनका सत्यम ज्वेलर्स के नाम से तीन मंजिला शोरूम है। भूतल पर चांदी का सेक्शन है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर सोने और हीरे की ज्वेलरी रखी जाती है। आरोप है कि जैन बाग कृष्णानगर निवासी हरबंस कुमार जैन पिछले 23-24 साल से उनके यहां कर्मचारी था। करीब 10 साल से उसे चांदी सेक्शन की जिम्मेदारी सौंप रखी थी। पिछले कुछ समय से शोरूम में चांदी खरीदने आने वाले ग्राहक बिना खरीदारी किए लौटने लगे थे।
पूछने पर ग्राहकों ने बताया कि पसंद के मुताबिक चांदी का पर्याप्त स्टॉक नहीं है। शुरुआत में कर्मचारी ने ग्राहकों को सामान पसंद नहीं आने की बात कहकर टाल दिया। बाद में शक होने पर चांदी का स्टॉक चेक कराया गया तो करीब दो किलो सामान कम मिला। पुराने स्टॉक का मिलान करने पर करीब 13 किलो चांदी के जेवर गायब मिले, जिनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई।
आरोप है कि इसी दौरान शोरूम संचालक और उनके बेटे ने देखा कि हरबंस पहले खाना घर से लाता था, लेकिन कुछ समय से कभी उसकी पत्नी ममता तो कभी बेटी प्रिया खाने का थैला लेकर शोरूम पहुंचती थी। खाना देने के बाद वे थैला वापस ले जाती थीं। बाद में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पत्नी और बेटी के जरिये शोरूम से चांदी के जेवर बाहर भिजवाकर बेच दिए थे। जांच अधिकारी उप निरीक्षक संजय कुमार शर्मा ने बताया कि हरबंस कुमार जैन, ममता और प्रिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।