देवबंद नगर पालिका के पूर्व सभासद खेमकरण कश्यप पर जानलेवा हमला करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी के बेटे और तीन भतीजों सहित 14 लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला सराय काहरान निवासी नगर पालिका के पूर्व सभासद खेमकरण कश्यप के भतीजे तरुण की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। तरुण ने बताया है कि मोहल्ला सैनी सराय निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी के बेटे दीपक, भतीजे कुलदीप, संदीप, प्रमोद समेत अनुज, अजय प्रवीण, सोनू, मलिंगा, अंकित, साहिल, अजय, धर्मपाल और तल्हेड़ी खुर्द निवासी हिमांशु परिवार से रंजिश रखते हैं। पूर्व में हुए झगड़े का विवाद न्यायालय में भी विचाराधीन है।
आरोप है कि इसी रंजिश में 18 अप्रैल को मलिंगा आदि ने मेले में गए परिवार के युवकों के साथ मारपीट की थी। 19 अप्रैल को ताऊ खेमकरण कश्यप मारपीट के मामले में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराकर घर लौट रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने ताऊ और उनके साथी हरिराम को रोक लिया व गाली गलौज करने लगे।
विरोध करने पर उनके साथ लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से मारपीट की गई। दोनों लोग घायल हो गए थे। ताऊ खेमकरण कश्यप को गंभीरावस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 14 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।