सहारनपुर। एमपीआई (म्युनिसपिल परफॉर्मेन्स इंडेक्स) व ईओएल (इज ऑफ लिविंग) के अंतर्गत डाटा फीडिंग में सहारनपुर नगर निगम मुंबई, उज्जैन, नागपुर, कानपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों को पीछे कर पूरे देश में पहले नंबर पर रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर गठित एपेक्स कमेटी की 24 और 25 जनवरी को विशाखापटनम में हुई बैठक में एपेक्स के चेयरमैन की ओर से इसकी घोषणा की गई। कार्यक्रम में मौजूद रहे नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को इसके लिए सम्मानित भी किया गया।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने आज निगम कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी में शामिल देशभर के शहरों में ईओएल (इज ऑफ लिविंग) के अंतर्गत डाटा फीडिंग में सहारनपुर 89 प्रतिशत डाटा फीडिंग के साथ पहले, 76 प्रतिशत के साथ उज्जैन दूसरे, 71 प्रतिशत के साथ चंडीगढ़, तीसरे तथा 64 प्रतिशत डाटा फीडिंग के साथ आगरा चौथे नंबर पर रहा है, जबकि एमपीआई (म्युनिसपिल परफॉर्मेन्स इंडेक्स) के तहत डाटा फीडिंग में 100 प्रतिशत के साथ सहारनपुर पहले, 93 प्रतिशत के साथ वारंगल (हिमाचल प्रदेश) दूसरे, 77 प्रतिशत के साथ आगरा तीसरे तथा 69 प्रतिशत के साथ सतना चौथे नंबर पर रहा है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम की पूरी टीम और शहरवासियों को बधाई दी।