सहारनपुर जनपद के सरसावा में बोंसा पुलिया के समीप पिलखनी रेलवे फाटक पर रोड़ी बजरी से भरा एक डंपर धंस गया। जिससे रेल यातायात बाधित हो गया। वहीं अमृतसर से आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन को सरसावा रोका गया, जबकि ट्रैक पर चल रहीं अन्य ट्रेनों को सहारनपुर आदि स्थानों पर रोककर ट्रैक खाली कराने के पश्चात रवाना किया गया।
बुधवार को शाम साढ़े सात बजे के करीब पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे फाटक पर रोड़ी बजरी से भरा एक डंपर धंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है, जिसके चलते रेलवे फाटक सुबह से ही बंद था, जिसे शाम को खोला गया। इसी बीच सरसावा की ओर से रोड़ी बजरी से भरा एक डंपर औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने लगा। लेकिन भारी लोड के कारण डंपर रेलवे ट्रैक के समीप धंस गया। जिसमें डंपर का ड्राइवर केबिन रेलवे ट्रैक के बिल्कुल नजदीक आकर थम गया।
उधर, रेलवे कर्मियों ने तत्काल ही रेलवे अधिकारियों को मामले की जानकारी दी तो आरपीएफ और जीआरपी के अलावा रेलवे की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान टीम ने डंपर को हटवाने का प्रयास किया, लेकिन भारी लोड के कारण डंपर अपने स्थान से हिल नहीं पाया। जिसके बाद रात में आठ बजे के करीब एक हाइड्रा क्रेन के माध्यम से डंपर को खींचकर रेलवे ट्रैक को पार कर सुरक्षित निकाल लिया गया।
यह भी पढ़ें: Delhi Meerut Rapid: 147 दिन बाद दौड़ेगी देश की पहली रैपिड रेल, दुहाई डिपो में गुजरात से पहुंच चुके हैं दो रैक
इसके बाद रेलवे ट्रैक सामान्य हो पाया। इस कवायद में करीब आधे घंटे से भी अधिक का समय लगा, जिसके चलते ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। बताया गया कि इस दौरान अमृतसर की ओर से बिहार जाने वाली एक एक्सप्रेस ट्रेन को सरसावा स्टेशन पर रोका गया, जबकि कुछ ट्रेनों को सहारनपुर स्टेशन पर रोका गया।