राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जनता इंटर कॉलेज अहमदपुर ब्राह्मण में अहिंसा के संदेश की जगह प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य के बीच जमकर लात-घूंसे चले। कार्यक्रम के बाद बैठक में मेडिकल प्रमाणपत्र मांगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। उप प्रधानाचार्य राममित्र मिश्र का आरोप है कि प्रधानाचार्य केपीएस यादव ने कुर्सी उठाकर हमला किया, जिससे आंख के पास गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। वहीं प्रधानाचार्य केपीएस यादव ने आरोपों को गलत बताया।
आंख के पास पट्टी बंधवाए थाना पहुंचे उप प्रधानाचार्य राममित्र मिश्र ने पुलिस को बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रम के बाद बैठक होनी थी। इस दौरान प्रधानाचार्य ने उनसे मई में लिए गए दो दिन के मेडिकल का प्रमाण पत्र मांगा, जबकि तीन दिन के अवकाश तक पर मेडिकल प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं रहती।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते हाथापाई और उसके बाद लात-घूसों से हमला कर दिया। राममित्र मिश्र का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने कुर्सी उठाकर उन्हें मारी, जिससे उनकी आंख के पास गहरी चोट आई है।
राममित्र मिश्र का कहना है कि वह 23 साल से इस कॉलेज में पढ़ा रहे हैं। सात साल प्रधानाचार्य रहे हैं। यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति में वरिष्ठता के आधार पर चार्ज उन्हें मिलना चाहिए, लेकिन प्रधानाचार्य जूनियर शिक्षक को चार्ज देकर जाते हैं।
मेरे ऊपर हमला किया : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य केपीएस यादव ने बताया कि राममित्र मिश्र पूर्व में प्रधानाचार्य रह चुके हैं। जब से वह यहां प्रधानाचार्य बनकर आए हैं, तब से राममित्र मिश्र उनसे चिढ़ रखते हैं। कई बार अपशब्द कह चुके हैं। बैठक के दौरान कहासुनी होने पर उप प्रधानाचार्य ने उन पर हमला किया। पीछे हटाने पर वह गिरकर चोटिल हुए हैं। उनके खिलाफ तहरीर दी गई है। प्रबंधक को भी अवगत कराया गया है। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।
ये बोले अधिकारी
प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य के बीच झगड़ा होना ठीक नहीं है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
- जयकरण यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक
ये भी देखें...
बिजनौर: 13 हजार कर्ज लिया, 38 हजार चुकाया, फिर भी एक लाख बकाया; साहूकार से कब्जा ली मजदूर की आधा बीघा जमीन