बस स्टैंड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी। हादसे में महिला करीब 10 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसकी मौत हो गई। घायल देवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
राेते हुए सुरेश देवी के बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
घाटमपुर गांव निवासी अमर सिंह अपनी भाभी सुरेश देवी (50) पत्नी मुंशीराम के साथ सोमवार दोपहर नकुड़ बस अड्डे पर स्थित बैंक में आया था। शाम करीब पांच बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बैंक से थोड़ी ही दूर सहारनपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुरेश उछलकर सड़क पर गिरी। उसके सिर में गहरी चोट आई, जबकि उसका देवर भी घायल हो गया। पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। उधर, हादसे के बाद करीब आधा घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
अप्रैल में होनी है बड़ी बेटी की शादी
सुरेश देवी की तीन बेटी संदीप कुमारी, सोनिया व निकिता तथा एक बेटा लुकेश कुमार है। बड़ी बेटी संदीप कुमारी की अप्रैल 2025 में शादी होनी है। परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थी। सुरेश करीब एक साल से अपने पति से अलग बच्चों के साथ रहती थी।