सहारनपुर जनपद में बेहट के रंड़ौल गांव में डेढ़ माह पहले डाली गई 1.60 लाख की डकैती की घटना का बेहट पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। घटना में शामिल दो आरोपियों गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से डकैती के दौरान लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रंडौल में 15 अक्तूबर की रात छह बदमाशों ने नव बाहर पुत्र केशू के परिवार को गनपॉइंट पर लेकर डकैती डाली थी। बदमाश 60 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 1.60 लाख रुपये की कीमत के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पीड़ित द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
वहीं घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी। दो नवंबर को सवा छह बजे टीम को सूचना मिली कि डकैती की घटना में शामिल दो बदमाश इशाकपुर चेंची जाने वाले रास्ते पर रजबाहे की पुलिया पर खड़े हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तमंचा, दो कारतूस व छुरी मिली हैं।
यह भी पढ़ें: याकूब पर शिकंजा: पुलिस ने बढ़ाई पूर्व मंत्री की मुश्किलें, बेटा जेल में ले रहा मौज, चौंका देंगे अंदर के राज
पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम अकरम पुत्र नौशाद निवासी गांव टोड़रपुर थाना चिलकाना व तौफीक पुत्र जुलफक्कार निवासी गांव चाटकी बताया। दोनों ने रंड़ौल में डकैती की घटना में शामिल होना कबूल किया है। इनकी निशानदेही पर लूटे गए जेवरात भी बरामद कर लिए गए है। इसके अलावा इन्होंने 28 नवंबर को गांव चाटकी निवासी अकरम के घर में चोरी की वारदात करना भी स्वीकार किया है। चोरी किए जेवरात भी दोनों से बरामद कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: खतौली का दंगल: पूर्व मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पढ़ा मुस्लिमों का मन, बोले-बिना भेदभाव विकास कर रही भाजपा