रामपुर मनिहारान के गांव कांकरकुई में पड़ोस के शादी समारोह में करंट लगने पर सूर्या (9) पुत्र बिंदर की मौत हो गई। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियां भी शोक में बदल गईं। पुलिस ने परिजनों के अनुरोध पर बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव उन्हें सौंप दिया।
बुधवार देर शाम गांव कांकरकुई में बिंदर के पड़ोस में शादी समारोह था। इसमें बज रहे डीजे पर उसका बेटा सूर्या भी नाच रहा था। इसी दौरान उसने पास के खंभे से लटके अर्थ के तार को पकड़ लिया। इससे सूर्या को करंट लग गया। परिजन बच्चे को निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर चौकी चुनहेटी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान चौधरी राजकुमार ने बताया कि गांव में विद्युत निगम ने खंभों के साथ अर्थ के तार छोड़ रखे हैं। यही हादसे की वजह बना है। इस बारे में विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। सूर्या तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता मजदूरी का कार्य करते हैं।
हादसे के बाद विधायक देवेंद्र निम पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को फोन पर गांव में खंभों के पास छोड़े गए अर्थ के तारों की व्यवस्था को ठीक कराने के लिए कहा।