चिलकाना रोड पर मदीना मस्जिद के एक कमरे में मुतवल्ली नौशाद (55) का शव मिला है। उनकी नाक से खून निकल रहा था और पास ही एक लकड़ी की बल्ली पड़ी थी। माथे पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या और हादसा दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है।
नौशाद करीब 22 वर्षों से मदीना मस्जिद में मुतवल्ली के रूप में कार्यरत थे। वह अविवाहित थे और अजीज कॉलोनी के रहने वाले थे। बृहस्पतिवार दोपहर कुछ लोग मस्जिद पहुंचे तो उन्होंने नौशाद को बेसुध हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी देवेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस की शुरुआती जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक ओर जहां हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर हत्या या धक्का देकर गिराने जैसे पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले मस्जिद में कौन आया था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नौशाद की कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी नौशाद के व्यवहार के बारे में जानकारी की।
ये बोले एसपी
मृतक की नाक से खून आ रहा था। ऐसे में प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक आना लग रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
- व्योम बिंदल, एसपी सिटी
ये भी देखें...
Bijnor: विवाहिता को हरिद्वार ले गया प्रेमी, वापस आकर परिवार से मांगा हिस्सा, कुछ देर बाद फंदे पर लटका मिला शव