थाना कुतुबशेर क्षेत्र में कक्षा नौ में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसी के स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10 के छात्र ने घिनौनी करतूत को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी छात्र समेत उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता की मां शिक्षामित्र हैं। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि उनकी अनुपस्थिति में आरोपी छात्र रिश्तेदार होने के चलते घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने नाबालिग बेटी से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
एक ही स्कूल में पढ़ने के कारण आरोपी के कुछ दोस्त भी घर आने लगे और वह छात्रा को किराए के कमरे पर ले जाते थे, जहां आरोपी छात्र उसके साथ दुष्कर्म करता था।
आरोप है कि आरोपी ने छात्रा की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना ली। उन्होंने बेटी से जानकारी ली तो उसने आपबीती सुनाई। आरोप है कि नाबालिग छात्रा आरोपी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने साजिश के तहत उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। छात्र ने रिश्तेदार होने का भी फायदा उठाया। इस मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।