नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी के खुले नाले में 13 जुलाई को मिले छह माह के बच्चे के शव के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ। बच्चे की शिनाख्त सहारनपुर के दौलतपुर छन्नों गांव की शबाना के पुत्र समीर के रूप में हुई। पुलिस की जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती और प्यार के बाद हापुड़ निवासी प्रेमी विशाल ने समीर को नाले में फेंककर मार डाला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम की डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
सहारनपुर के गंगोह थाने में इमरान की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक 12 जुलाई को उसकी पत्नी शबाना उसके बेटे समीर को लेकर गंगोह दवाई लेने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। वह पत्नी और मासूम बेटे की तलाश करता रहा। पुलिस ने इस पर गुमशुदगी दर्ज की थी। 26 जुलाई को उसकी पत्नी हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में विशाल के घर मिली, लेकिन बेटे समीर का कहीं पता नहीं चला। वह अपनी पत्नी को घर लेकर आ गया और उससे बच्चे के बारे में पूछने लगा।
शबाना ने बताया कि कुछ माह पहले इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत विशाल से हुई थी। तभी दोनों में प्रेम हो गया। घटना के दिन प्रेमी ने ही उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 11:30 बजे प्रेमी विशाल उसे वहां पर मिला। महिला ने बताया कि उसके प्रेमी ने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। इसे स्टैंड के पास में ही अपने एक दोस्त को दे आएगा। शबाना उसकी इस बात पर सहमत हो गई।
पांच मिनट बाद आया प्रेमी, बोला दोस्त को देकर आ गया बच्चा
शबाना ने अपने पति इमरान को बताया कि प्रेमी उससे बच्चा लेकर चला गया था। करीब पांच मिनट बाद वह वापस लौटा और बताया कि उसने बच्चा अपने एक दोस्त को दे दिया है। इसके बाद वह शबाना को अपने घर हापुड़ ले गया।
ये बोले एसपी मेरठ
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक नाले में मिले बच्चे के शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
Muzaffarnagar: दादी को कांवड़ में बैठाकर शिव चौक पहुंचे पोते, श्रवण कुमार जैसी सेवा बनी आकर्षण