जमीन दिलवाने के नाम पर किसान से 20 लाख की ठगी
सहारनपुर में जमीन दिलवाने के नाम पर एक किसान से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। आरोप है कि ठगी करने वाला व्यक्ति थाना जनकपुरी का हिस्ट्रीशीटर है। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: फांसी देने की मांग: जेल में पेटभर खाना खाया, फिर चैन की नींद सोए हत्यारे, ठुमके लगाती दिखी कातिल मां
गांव पंडौली निवासी गुलबहार किसान है। उन्होंने बताया उन्हें जमीन खरीदनी थी। तभी उनकी मुलाकात एक युवक से हुई। युवक ने कहा कि पुवांरका में उसे जमीन दिलवा देंगे। यहीं पर यूनिवर्सिटी बन रही है। इसलिए कुछ समय बाद जमीन की कीमत भी बढ़ जाएगी। युवक ने उसे एक व्यक्ति ने मिलवाया, जिसने अपनी जमीन बेचने की बात कही। इसके बाद युवक ने 20 लाख रुपये में जमीन का सौदा कर पैसे उस व्यक्ति को दिलवा दिया, लेकिन उसे जमीन नहीं दिलवाई गई। छानबीन करने पर पता चला कि आरोपी ने गिरोह बना रखा है, जो जमीन दिलवाने के नाम पर लोगों से ठगी करता है। तकादा करने पर आरोपी ने पैसा देने से भी मना कर दिया। आरोपी थाना जनकपुरी का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इससे पहले भी आरोपी कई लोगों से ठगी कर चुका है। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
भूमि दिलाने के नाम पर ठगे 1.71 करोड़
सहारनपुर में भूमि दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह ने एक और व्यक्ति से 1.71 करोड़ की ठगी कर ली। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। इनमें मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसने गिरोह बना रखा है। आरोपी एक किसान से भी 20 लाख की ठगी कर चुका है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुबारकशाह निवासी अदनान ने बताया कि वह बेहट रोड पर धर्म कांटा चलाता है। उसके पास 11 माह पहले एक व्यक्ति आया था, जिसे वह नहीं जानता था। आरोपी ने खुद को दाबकी जुनारदार निवासी बताया था। आरोपी ने कहा था कि लंढौरा गांव में साढ़े 12 बीघा भूमि बिक रही है, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये बीघा है। पहले तो अदनान ने भूमि खरीदने से मना कर दिया, लेकिन बाद में आरोपी और गिरोह के सदस्यों ने अदनान को विश्वास में ले लिया और वह इनके झांसे में आ गया।
अदनान का आरोप है कि भूमि का बैनामा कराने के लिए आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में उससे 1.71 करोड़ रुपये ले लिए। 98 लाख 56 हजार रुपये नकद लिए और 72 लाख 94 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर किए गए। कुछ दिन बाद अदनान को पता चला कि आरोपी ने भूमि के फर्जी कागजात बनवाए हुए हैं और उसके साथ धोखाधड़ी की गई। अदनान ने आरोपी से अपने पैसे मांगे तो उसने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। पीड़ित ने अब एसएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह आरोपी गांव पंडौली निवासी किसान गुलबहार से भी भूमि दिलवाने के नाम 20 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। गुलबाहर ने भी एसएसपी से कार्रवाई की मांग की थी।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जाएगी।