सहारनपुर। सहारनपुर को ऑल इंडिया ऑपन चेस टूर्नामेंट की मेजबानी करने का मौका मिला है। प्रतियोगिता नौ से 14 सितंबर तक चलेगी, जिसकी तैयारियों में इन दिनों सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। टूर्नामेंट में देशभर के करीब एक हजार छोटे-बड़े खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग ने बताया कि सहारनपुर को पहली बार राष्ट्रीय स्तर के चेस टूर्नामेंट कराने का मौका मिला है। टूर्नामेंट डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम के जूडो और बैडमिंटन हॉल में कराया जाएगा, जिसकी तैयारियां इन चल रही हैं।
टूर्नामेंट में वह सभी नियम लागू रहेंगे, जो किसी भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में होते हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में छह सौ से एक हजार खिलाड़ियों तक के शरीक होने की बात कही। इनमें इंटरनेशनल मास्टर दिनेश शर्मा, नेशनल चैंपियन नासिर अली भी शामिल होंगे।
खिलाड़ी आठ सितंबर को यहां आने शुरू हो जाएंगे, जिन्हें नौ सितंबर की सुबह दस बजे रिपोर्ट करना होगा। दोपहर एक बजे टूर्नामेंट का उद्घाटन होगा, जिसके बाद मुकाबले शुरू करा दिए जाएंगे। मुकाबले 13 सितंबर तक चलेंगे। इसी दिन शाम सात बजे पुरस्कार वितरण के साथ टूर्नामेंट का समापन किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे छह लाख के ईनाम
टूर्नामेंट में अलग-अलग वर्ग के विजेताओं के लिए अलग-अलग ईनाम रखे गए हैं। विजेताओं को कुल छह लाख रुपये के ईनाम बांटे जाएंगे। ईनाम की संख्या 89 रखी गई है। सर्वाधिक ईनाम की राशि 60 हजार रुपये है, जबकि न्यूनतम एक हजार रुपये तक का ईनाम खिलाड़ियों को दिया जाएगा।
बढ़ेगी शहर की कमाई
देशभर से आने वाले खिलाड़ियों का लाभ यहां के दुकानदारों और होटल स्वामियों को भी मिलेगा, क्योंकि खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होटलों में होगी। इसके अलावा सहारनपुर कपड़ा, वुडकार्विंग जैसे सामान के लिए प्रसिद्ध है। ऐेसे में उम्मीद है कि खिलाड़ी इन चीजों की खरीदारी भी करें।