काजल की फाइल फोटो और विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
गंगोह के मोहल्ला टांकान निवासी विवाहिता काजल (32) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर और अंदरुनी चोट से मौत होना आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वारदात के बाद से सभी आरोपी घर छोड़ कर भाग गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बृहस्पतिवार सुबह काजल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मिला था। उसके चेहरे सहित शरीर पर चोटों के निशान थे। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया था, जबकि ससुराल पक्ष ने काजल के सीढ़ियों से गिरने की बात कही थी। मृतका के पिता कोतवाली देहात के गांव नस्तरपुर निवासी संजय कुमार ने तहरीर में बताया कि करीब 11 वर्ष पूर्व उनकी बेटी काजल का विवाह पंकज से किया था। विवाह के बाद काजल के तीन बच्चे हुए।
आरोप है कि पति पंकज परिवार का खर्च नहीं देता था। जब भी काजल अपने व बच्चों के पालन-पोषण के लिए खर्च मांगती थी तो पति, सास, ससुर और दोनों देवर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करते थे। साथ ही मायके से रुपये लाने का दबाव बनाते थे।
संजय ने तहरीर में कहा कि लगातार होने वाले विवाद के कारण वह अपने दो नाती लव-कुश और लविश को अपने साथ रखकर उनकी पढ़ाई और पालन-पोषण का खर्च स्वयं उठा रहे थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष काजल के साथ मारपीट करता रहा और उसे जान से मारने की धमकी देता था।
पीड़ित पिता का आरोप है कि 23 जुलाई की सुबह पंकज ने फोन कर बताया कि काजल गिरकर घायल हो गई है। जब वह अपनी पत्नी के साथ गंगोह पहुंचे तो उनकी बेटी मृत मिली। उसके गले और शरीर पर चोटो के निशान थे।
सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें मौत का कारण गला दबाकर और चोट लगना आया है। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी देखें...
आयुष मलिक धर्मांतरण: चांदनी कुरैशी व उसके पिता इस्लाम को जमानत, बाकी आरोपियों की अर्जी पर नहीं हुई सुनवाई