घाटे और विवाद सहित अन्य कारणों से जिन 17 शराब दुकानों से आवंटियों ने किनारा कर लिया था। आबकारी विभाग अब फिर से उन पर दांव लगाने जा रहा है। दोबारा इनके आवंटन की तैयारी है। ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन होगा। इसके लिए 17 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। 20 मार्च को ई-लॉटरी खुलेगी।
जनपद में देशी शराब की 180 दुकानें, 124 कंपोजिट शॉप और चार मॉडल शॉप संचालित हैं। एक बार आवंटन के बाद हर साल आवंटियों को अपने पंजीकरण का नवीनीकरण कराना पड़ता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग से नवीनीकरण किए गए थे। इनमें से 17 आवंटियों ने नवीनीकरण ही नहीं कराया। इनमें देशी शराब की चार दुकानें, कंपोजिट 11 और दो मॉडल शॉप शामिल हैं।
जानकारों का कहना है कि बिक्री न होने के कारण आवंटियों को इन दुकानों से खासा नुकसान हुआ, जिसे देख उन्होंने नवीनीकरण नहीं कराया। इसके अलावा विवाद भी नवीनीकरण नहीं कराने का कारण बताया जा रहा है। अब विभाग ई-लॉटरी के माध्यम से फिर इनका नए सिर से आवंटन करने जा रहा है। 10 से 17 मार्च तक ई-लॉटरी के लिए आवेदन लिए जाएंगे। फिर 20 मार्च को लॉटरी खुलेगी।
ये भी देखें...
UP: सांसद चंद्रशेखर बोले- गैस सिलिंडर की निर्बाध आपूर्ति कराना सरकार की जिम्मेदारी, दिया ये सुझाव
फैक्ट फाइल
- 124 कंपोजिट दुकानें
- 180 देशी शराब की दुकानें
- 04 मॉडल शॉप
- 17 दुकानों का नवीनीकरण होगा
- नई ई-लॉटरी प्रक्रिया
- 10 मार्च से आवेदन चल रहे
- 17 मार्च आवेदन की अंतिम तिथि
- 18 मार्च को आवेदन पत्रों की जांच
- 20 मार्च को ई-लॉटरी खुलेगी
ये बोले अधिकारी
देशी शराब की दुकान, मॉडल शॉप और कंपोजिट की 17 दुकानों का ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन होना है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ई-लॉटरी के लिए आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 17 मार्च है।
- एमपी सिंह, जिला आबकारी अधिकारी