बिहारीगढ़ के सतपुरा गांव की रहने वाली तारा देवी (65) को खेत में शिकारी कुत्तों ने नोंचकर घायल कर दिया। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दो कुत्ते और चार संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है।
मंगलवार शाम सुरेश की पत्नी तारा देवी खेत में चारा लेने गई थी। चारा काटते समय तारा पर कुछ शिकारी कुत्तों ने हमला कर दिया। तारा ने भागने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों के चंगुल से नहीं बच सकी। शिकारी कुत्तों ने बुरी तरह से महिला को लहूलुहान कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया। पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल महिला को कस्बे में ही एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां तारा देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे चार संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। उनके पास दो कुत्ते मिले। इसके बाद सभी को गांव में लाया गया। पता लगते ही पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की। उधर, देर शाम तक इस मामले में बिहारीगढ़ थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही थी।
ये भी देखें...
Shamli: बद्रीनाथ धाम जा रहे युवक की हादसे में मौत, पत्नी घायल, कार की टक्कर से खाई में गिरी थी बाइक