थाना कुतुबशेर क्षेत्र में बीतिया गांव के रहने वाले मोहन (35) मकान बनाने की ठेकेदारी करते हैं। वह देहात कोतवाली की कृष्णा गार्डन कॉलोनी रामनगर में मकान बनवा रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम वह काम देखने के लिए आए थे। इसी दौरान कई बाइकों पर 10 से 12 नकाबपोश युवक मकान के नीचे पहुंचे और छज्जे पर खड़े मोहन व उसके भांजे दीपक निवासी नल्हेड़ा गुर्जर को नीचे बुला लिया। दीपक और बाइक सवार युवकों के बीच बातचीत हुई। कुछ देर बाद दीपक पर युवकों ने हमला कर दिया। यह देखकर वहां काम कर रहे अन्य लोग भी पहुंच गए और बीच-बचाव कराया। दीपक के मुंह व पैर पर चोट आई। इसी दौरान युवकों ने उसके मामा मोहन को गोली मार दी। गोली पैर में लगी हुई है।
गोली की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार भाग गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दीपक का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। हमला करने वाले कम उम्र के ही लग रहे थे।
ये बोले एसपी सिटी
पुलिस फायरिंग करने वाले युवकों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
- व्योम बिंदल, एसपी सिटी