खेड़ा अफगान गांव के पास बुधवार देर रात बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में गंगोह निवासी मोबिन (27) और रामपुर मनिहारान के हरपाली निवासी विकास (22) की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में इलाज चल रहा है।
गंगोह के मोहल्ला गुलाम ओलिया निवासी मोबिन, अपने पड़ोसी आजाद और मोहल्ला नाजूल निवासी रितिक के साथ बाइक से सहारनपुर जा रहे थे। बुधवार देर रात मंडी के पास इनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रहे रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव हरपाली निवासी विकास की बाइक से हो गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान मोबिन की मौत हो गई। वहीं, विकास के परिजन उसे गंभीर होने पर मुलाना अस्पताल ले गए। वहां बृहस्पतिवार दोपहर विकास ने भी दम तोड़ दिया।
मोबिन अपने साथियों के साथ देहरादून में पासपोर्ट बनवाने के लिए कागजी कार्रवाई पूरी करने जा रहा था। परिजनों ने बताया कि रात में इन्हें सहारनपुर रुकना था। सुबह वहां से देहरादून के लिए रवाना होना था। मोबिन परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। मोबिन विदेश में काम करने की मंशा से पासपोर्ट बनवाना चाहता था, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।
मोबिन के परिवार में पत्नी व दो छोटे बच्चे हैं। वहीं विकास अविवाहित था और आइसक्रीम बेचने का काम करता था। जांच अधिकारी तपन जयंत ने बताया कि तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।