इमरान मसूद का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो कह रहे थे कि सहारनपुर देहात से सपा विधायक आशु मलिक नहीं होंगे, तो क्या स्वास्थ्य शिविर नहीं लगेंगे। इसके बाद से दोनों पक्षों में जुबानी जंग चल रही है।
सपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग चरम पर है। अब देवबंद विधानसभा से सपा के पूर्व विधायक माविया अली ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को मूर्खों की पार्टी बताया। वहीं इमरान मसूद ने कहा कि माविया अली को खुद नहीं पता कि वो क्या कर रहे हैं।
विज्ञापन
अंबाला रोड स्थित कार्यालय पर सपा की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व विधायक माविया अली ने अपने बयान में कहा कि सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को समाप्त कर दिया है। सांसद इमरान मसूद भाजपा के एजेंट हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस को खत्म करने का भाजपा से बयाना लिया हुआ है। वह अपनी सीट बचाने के लिए भाजपा में भी शामिल हो सकते हैं। कहा कि इमरान मसूद भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं और उन्हें जेल जाने का डर है।
कहा कि कांग्रेस सांसद और लखनऊ स्थित पांच कालिदास मार्ग के बीच क्या संबंध है? अगर मुख्यमंत्री कार्यालय में आगमन का रजिस्टर और सांसद मसूद की कॉल डिटेल चेक की जाए तो सब कुछ उजागर हो जाएगा। कहा कि खुद पर इतना घमंड है तो वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव क्यों हारे। ऐसे में वह कांग्रेस और सपा गठबंधन की सीट पर जीते हैं न कि अपने दम पर।
यह बोले सांसद
इस तरह के बयान देने वाले वो लोग हैं जो राजनीति में केवल अपने नंबर बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें खुद पता नहीं है कि वह क्या कह रहे हैं। यह वर्ष 2024 में गठबंधन के खिलाफ और उससे पहले एक स्थानीय चुनाव में अपनी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ लड़ रहे थे।
पीडीए और अखिलेश यादव की आलोचना बर्दाश्त नहीं
सपा के महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फैसल सलमानी ने कहा कि सांसद इमरान मसूद द्वारा की जा रही पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव और पीडीए की आलोचना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंबाला रोड स्थित कार्यालय पर बैठक में उन्होंने कहा कि इमरान मसूद जिस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं, वह गलत है।