सहारनपुर शहरों को विकसित करने की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना की दौड़ में शामिल सहारनपुर की राह अब भी आसान नजर नहीं आ रही है। 27 जनवरी को लखनऊ में हुई प्रजेंटेशन में सहारनपुर के प्रस्ताव में कई कमियां गिनाते हुए सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों ने मिले दिशा निर्देशों के अनुपालन में काम शुरू कर दिया है। योजना में पहले चरण में शामिल किए गए देश के कुल 98 शहरों में सहारनपुर भी शामिल रहा है।
मगर स्थानीय अफसरों की लापरवाही, कंसलटेंट एजेंसी के कमजोर काम और नगर की तकनीकी समस्याओं की वजह से पिछले तीन चरणों में सहारनपुर अभी तक अपना चयन नहीं करा सका है।
सहारनपुर को फिर से अपना प्रस्ताव संशोधित कर पेश करने को कहा गया है। 27 जनवरी को प्रदेश के चुनिंदा शहरों की लखनऊ में प्रजेंटेशन हुई। सहारनपुर से नोडल अधिकारी पीके मित्तल समेत चार लोगों ने प्रजेंटेशन में हिस्सा लिया।
लखनऊ टीम ने सहारनपुर के प्रस्ताव में कई कमियां गिनाते हुए उसमें सुधार के निर्देश दिए। नगर में बिजली, पानी और सीवर लाइन आदि पर बात हुई। सहारनपुर लौटते ही स्मार्ट सिटी योजना से जुड़े अधिकारियों ने अपनी कवायद शुरू कर दी है, जिससे अगली बार होने वाली प्रजेंटेशन में अधिकारियों की सुननी न पड़े।
योजना के तहत जनवरी माह में सहारनपुर का स्वच्छता सर्वेक्षण किया गया है। बाहर से आई टीम के सदस्यों ने सहारनपुर के अनेक इलाकों में जाकर साफ-सफाई की व्यवस्था को समझा और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हालांकि शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था न होना, बड़ी बाधा नजर आ रहा है।