नवाब सतपाल तंवर देवबंद में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। लौटते समय गुनारसा गांव के बाहर उनकी कार पर फायरिंग कर दी गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं।
गुरुग्राम के भीम सेना प्रमुख और संविधान सुरक्षा पार्टी के सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर पर देवबंद के गुनारसा गांव में फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। इसमें वह चोटिल हो गए। जबकि उनकी पत्नी अधिवक्ता निशा तंवर हमले में बाल-बाल बच गईं।
विज्ञापन
मंगलवार को नवाब सतपाल तंवर अधिवक्ता पत्नी निशा तंवर के साथ देवबंद क्षेत्र के गुनारसा गांव में स्थित रिश्तेदारी में हो रहे शादी समारोह में आए थे। देर रात वह घर वापस लौट रहे थे। गांव से बाहर निकलते ही उनकी कार पर फायरिंग की गई। गोली कार के अगले शीशे पर लगी। गले और मुंह पर कांच के टुकड़े लगने से सतपाल घायल होकर बेहोश हो गए। जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गई।
बताया गया कि इसके बाद उन्हें स्टेट हाईवे स्थित शिफा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। कुछ समय बाद वहां भीमसेना कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगने लगा। बता दें, कि सतपाल तंवर नौ साल पहले तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने रागिनी गायक सपना चौधरी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। एक्टर सलमान खान पर हमला करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी सतपाल को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे कौन है और क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है।