गांव नगला झंडा निवासी अफराज पुत्र रिजवान हत्या के एक मामले में सजा काट रहा है और आठ साल से जेल में बंद है। ग्रामीणों ने बताया, कि रात करीब 12 बजकर 45 मिनट का समय था। दो बाइकों पर छह बदमाश आए। तीन बदमाश बाइकों के साथ सड़क पर ही खड़े रहे और तीन अफराज के मकान पर पहुंचे और गेट पर फायरिंग करने लगे।
गोलियों की आवाज सुनकर अफराज के भाई अफराईम, शहराज, फरमान व शाहबाज ने शोर मचाया। गोलियों की तड़पाहट सुनकर गांव में जाग हो गई। ग्रामीणों को अफराज के घर की तरफ आता देख बदमाश भागने लगे।
ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने उन पर भी तीन चार राउंड फायर किए और बाइकों पर बैठकर बुबका गांव की तरफ भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी करने के बाद बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में काम्बिंग भी की लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फायरिंग में शामिल बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अभितेष सिंह, सीओ बेहट